- कुछ इलाकों में बढ़ेगी ठंड तो कहीं धूप का असर

● मुंबई
महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, ऐसा मौसम विभाग ने बताया है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार मुंबई में मौसम सुहावना बना रहेगा, जबकि महाराष्ट्र में एक बार फिर ठंड की लहर आने की संभावना है। कुछ इलाकों में कोहरा छाए रहने की संभावना है, तो कहीं हल्की बारिश की बूंदाबांदी हो सकती है। अगले 24 घंटों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की आशंका जताई गई है।
राज्य में फिलहाल ठंड का असर कहीं कम तो कहीं ज्यादा देखा जा रहा है। कई जगहों पर दोपहर के समय गर्मी महसूस हो रही है। ऐसे में एक बार फिर ठंड की लहर लौटने की संभावना है, खासकर उत्तर महाराष्ट्र और विदर्भ में ठंड बढ़ने की उम्मीद है। कोंकण क्षेत्र सहित राज्य के कई हिस्सों में आज मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान लगाया गया है। वहीं, मुंबई की बात करें तो यहां मौसम शुष्क रहेगा और दोपहर के समय गर्मी का अहसास हो सकता है। सुबह और रात में हल्की ठंडक जरूर रहेगी, लेकिन दिन के समय बढ़ती गर्मी से मुंबईकर परेशान हो सकते हैं।
पश्चिम महाराष्ट्र में तड़के ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा, इसके बाद दिन चढ़ने के साथ तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है, ऐसा मौसम विभाग ने कहा है। बीते कुछ दिनों से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे ठंड का असर कुछ कमजोर पड़ा है। शहर और आसपास के इलाकों में रात और तड़के हल्की ठंडक बनी रहती है, लेकिन दोपहर के बाद तेज धूप से तापमान बढ़ जाता है। इसके चलते कुछ क्षेत्रों में लोगों को उमस भरा मौसम महसूस हो रहा है।
कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में मौसम साफ और धूप वाला रहने की संभावना है। अगले 4 से 5 दिनों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की उम्मीद है। साथ ही, अगले 7 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ी गिरावट या बढ़ोतरी की संभावना नहीं है, जिससे ठंड का असर लगभग स्थिर बना रहने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है।
