
● मुंबई
‘गौतम प्रतिष्ठान’ द्वारा समाज में श्रेष्ठ एवं अनुकरणीय कार्य करने वाले युग नायकों को प्रतिवर्ष प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित ‘प्रणाम सम्मान समारोह’ का आयोजन इस वर्ष शुक्रवार, 23 जनवरी को सेंट्रल रेलवे ऑफिसर क्लब, रुइया कॉलेज के सामने, माटुंगा सेंट्रल, मुंबई में शाम 6 बजे किया जा रहा है।
गौतम प्रतिष्ठान के ट्रस्टी डॉ. मुकेश गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मान समारोह के अंतर्गत समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली दिग्गज हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें कला, खेल, भाषा, पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, हिंदी विकास, काव्य मंच तथा कॉमेडी के क्षेत्र से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल हैं।
डॉ. गौतम ने कहा कि ‘प्रणाम सम्मान’ का उद्देश्य समाज के प्रेरणास्रोत व्यक्तित्वों के कार्यों को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित कर नई पीढ़ी को सकारात्मक दिशा और प्रेरणा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आलोक भट्टाचार्य स्मृति सम्मान वरिष्ठ हास्य कवि-लेखक आश करण अटल को प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, भारत में स्टैंडअप कॉमेडी के जनक कहे जाने वाले के. के. नायकर, वरिष्ठ पत्रकार सुनील सिंह (पत्रकारिता), स्टार हॉकी खिलाड़ी, पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता वंदना कटारिया (खेल), अशोक कन्नौजिया (राजभाषा प्रचार-प्रसार), संगीत शिक्षा के क्षेत्र में सौ वर्षों से कार्यरत संस्था ‘कल्याण गायन समाज’ (कला), कैंसर रोगियों के लिए कार्य करने वाली संस्था ‘वी केयर’ (समाज सेवा) तथा समुद्री तटों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत युवाओं का समूह ‘चेंज इज अस’ को प्रणाम सम्मान–2026 से सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के प्रमुख अतिथि वरिष्ठ पत्रकार-लेखक एवं दैनिक भास्कर के संपादक भुवेंद्र त्यागी तथा आईडीबीआई बैंक के कार्यकारी निदेशक त्रिलोक शर्मा होंगे, जो इन युग नायकों को सम्मान प्रदान करेंगे। इस अवसर पर डॉ. मुकेश गौतम, डॉ. निशा मिश्रा और डॉ. पूजा हे. अलापुरिया की पुस्तकों का विमोचन भी किया जाएगा।
