
● शिर्डी
शिर्डी के साईबाबा दरबार में श्रद्धा और आस्था के साथ दान की परंपरा एक बार फिर चर्चा में है। इस बार टाटा मोटर्स, पुणे रीजन के डीलरों ने 25 लाख 70 हजार रुपये मूल्य की टाटा सिएरा कार साई चरणों में अर्पित कर एक अलग मिसाल पेश की है। महाराष्ट्र में इस कार की बिक्री शुरू होने से पहले इसे साईबाबा को समर्पित किया गया है।
वाहन निर्माण क्षेत्र की कई नामी कंपनियाँ अपने नए उत्पाद को बाजार में उतारने से पहले उसकी सफलता की कामना के साथ साईबाबा के दरबार में अर्पण करती हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए टाटा मोटर्स, पुणे रीजन के सभी अधिकृत डीलरों की ओर से यह कार दानस्वरूप साईबाबा संस्थान को भेंट की गई।

इस अवसर पर साईबाबा संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडीलकर तथा टाटा मोटर्स के डीलरों की उपस्थिति में वाहन की विधिवत पूजा संपन्न हुई। पूजा के बाद कार की चाबी आधिकारिक रूप से संस्थान के सुपुर्द की गई।
कार्यक्रम के दौरान साईबाबा संस्थान की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडीलकर ने टाटा मोटर्स, पुणे रीजन के सभी डीलरों का शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। यह अनोखा दान साई दरबार में आस्था और उद्योग जगत के विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
