
● कल्याण
कल्याण पूर्व स्थित होली होराइजन स्कूल में छात्रों के दादा–दादी, नाना–नानी सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर छात्रों के दादा–दादी और नाना–नानी के लिए अनेक मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें उन्होंने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक भाग लिया और कई प्रतिभागियों ने पदक भी जीते।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमाकांत क्षितिज ने बताया कि इस प्रकार का सम्मान समारोह विद्यालय में विगत 21 वर्षों से प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है, जिसमें सैकड़ों की संख्या में वरिष्ठ नागरिक सहभागी होते हैं। इस वर्ष मनोरंजक खेलों के साथ-साथ सामूहिक यज्ञ का भी आयोजन किया गया।

इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए डॉ. क्षितिज ने कहा कि आज देश में अनेक बुजुर्गों की स्थिति परिवारों में संतोषजनक नहीं रह गई है, जिस पर गंभीरता से विचार किए जाने की आवश्यकता है। बुजुर्ग हमारे देश और परिवार की पूंजी हैं। विद्यालय में इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से बच्चों और उनके माता-पिता को प्रेरित करने का प्रयास किया जाता है।
सम्मान समारोह के दौरान दादा–दादी और नाना–नानी पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया गया तथा उनकी आरती उतारी गई।
