■ जीमेल-फेसबुक समेत कई बड़े प्लेटफॉर्म प्रभावित

● मुंबई
एक बड़े साइबर सुरक्षा घटनाक्रम में दुनिया भर के करोड़ों इंटरनेट यूज़र्स की निजी जानकारियां उजागर होने का दावा किया गया है। एक्सप्रेसवीपीएन की एक रिपोर्ट के अनुसार जीमेल, इंस्टाग्राम, फेसबुक और नेटफ्लिक्स जैसी प्रमुख डिजिटल सेवाओं से जुड़े करीब 14.9 करोड़ से अधिक अकाउंट्स के लॉगइन क्रेडेंशियल कथित तौर पर लीक हो गए हैं। इनमें यूजरनेम और पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारियां शामिल हैं।
साइबर सुरक्षा शोधकर्ता जेरेमिया फाउलर द्वारा प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया है कि सार्वजनिक रूप से सामने आए डाटा में जीमेल के लगभग 4.8 करोड़, याहू के 40 लाख, फेसबुक के 1.7 करोड़, इंस्टाग्राम के 65 लाख, नेटफ्लिक्स के 34 लाख और आउटलुक के 15 लाख अकाउंट्स की जानकारी मौजूद थी।
रिपोर्ट के मुताबिक यह डाटाबेस न तो पासवर्ड से सुरक्षित था और न ही एन्क्रिप्टेड। इसमें कुल 14.94 करोड़ विशिष्ट लॉगइन आईडी और पासवर्ड पाए गए, जिनका कुल आकार करीब 96 जीबी बताया गया है। नमूनों की जांच के दौरान हजारों ऐसी फाइलें मिलीं, जिनमें ईमेल आईडी, यूज़रनेम, पासवर्ड और संबंधित अकाउंट्स के लॉगइन यूआरएल लिंक दर्ज थे।
फाउलर के अनुसार यह डाटाबेस सार्वजनिक रूप से सुलभ था, जिससे इसे देखने वाला कोई भी व्यक्ति संभावित रूप से लाखों लोगों की डिजिटल पहचान तक पहुंच बना सकता था। रिपोर्ट में जिन प्रमुख कंपनियों का नाम लिया गया है, उन्हें ईमेल के माध्यम से प्रश्न भेजे गए, पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
यह मामला एक बार फिर डिजिटल सुरक्षा और व्यक्तिगत डाटा की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
