■ स्टेटस के लिए आ सकता है सब्सक्रिप्शन मॉडल

● मुंबई
आज के दौर में स्मार्टफोन हर व्यक्ति की ज़रूरत बन चुका है और लगभग हर फोन में एक ऐप समान रूप से मौजूद रहती है WhatsApp। संदेश भेजने से लेकर कॉल और स्टेटस तक, WhatsApp हमारी डिजिटल दिनचर्या का अहम हिस्सा है। अब इसी लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप को लेकर एक बड़ा बदलाव सामने आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आने वाले समय में WhatsApp का इस्तेमाल पूरी तरह मुफ्त नहीं रहेगा और कंपनी सब्सक्रिप्शन मॉडल की दिशा में कदम बढ़ा सकती है।
हालांकि राहत की बात यह है कि मैसेज भेजने या कॉल करने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। WhatsApp का यह संभावित सब्सक्रिप्शन मॉडल स्टेटस फीचर से जुड़ा होगा। रिपोर्ट्स के अनुसार WhatsApp अपने स्टेटस टैब में विज्ञापन दिखाने की तैयारी कर रहा है। यूजर्स के विरोध के बावजूद कंपनी लंबे समय से इस योजना पर काम कर रही है और अब इसके संकेत WhatsApp के नए बीटा वर्जन 2.26.3.9 के कोड में मिले हैं।
इस बदलाव के तहत WhatsApp एक ‘पेड एड-फ्री सब्सक्रिप्शन’ पेश कर सकता है। यानी जो यूजर्स सब्सक्रिप्शन नहीं लेंगे, उन्हें स्टेटस देखते समय विज्ञापन दिखाई देंगे। वहीं, सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स को विज्ञापन से पूरी तरह राहत मिलेगी। दूसरे शब्दों में, WhatsApp स्टेटस का अनुभव भविष्य में दो तरह का हो सकता है, विज्ञापन के साथ और विज्ञापन-मुक्त।
फिलहाल WhatsApp की ओर से इस सब्सक्रिप्शन मॉडल को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। बीटा वर्जन के कोड से मिली जानकारी के आधार पर यह कहा जा सकता है कि कंपनी अभी प्रयोग के चरण में है। संभव है कि यह फीचर तुरंत लॉन्च न हो, मगर आने वाले समय में इसे लागू किया जा सकता है।
गौर करने वाली बात यह भी है कि WhatsApp पहले से ही बिजनेस यूजर्स के लिए अलग ऐप उपलब्ध कराता है। WhatsApp बिजनेस के ज़रिए कारोबारी अपने प्रोडक्ट और सर्विस का प्रचार करते हैं और विज्ञापन देते हैं। अभी ये विज्ञापन मेटा के अन्य प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर दिखाई देते हैं। भविष्य में सब्सक्रिप्शन मॉडल आने के बाद यह दायरा बढ़ सकता है और सामान्य WhatsApp यूजर्स को भी स्टेटस के जरिए विज्ञापन दिखने लगें।
कुल मिलाकर, WhatsApp का यह कदम कंपनी की कमाई के नए रास्ते खोल सकता है, वहीं यूजर्स के लिए यह एक नया डिजिटल अनुभव लेकर आएगा, जहां सुविधा और विज्ञापन-मुक्त अनुभव के बीच चुनाव करना होगा।
