■ पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनने के संकेत

● मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति एक ऐतिहासिक मोड़ की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन के बाद अब उनकी राजनीतिक विरासत की बागडोर संभालने के संकेत स्पष्ट हो गए हैं। राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी स्वीकार करने की सहमति जता दी है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार यदि अंतिम औपचारिकताएं पूरी हो जाती हैं तो वे आज शाम पांच बजे शपथ ग्रहण कर सकती हैं। ऐसा होने पर सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन जाएंगी।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के भीतर यह संदेश उभरकर सामने आया है कि ‘दादा’ की अधूरी राजनीतिक यात्रा को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब सुनेत्रा पवार को सौंपी जाए। इसी क्रम में शनिवार को राकांपा विधायक दल की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें नेतृत्व को लेकर औपचारिक निर्णय लिए जाने की संभावना है।
राकांपा के वरिष्ठ नेता और मंत्री छगन भुजबल ने संकेत दिए हैं कि पार्टी के कई नेताओं की राय सुनेत्रा पवार के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि यदि विधायक दल इस प्रस्ताव पर सहमत होता है तो इसमें किसी तरह की आपत्ति नहीं होनी चाहिए। सूत्रों के मुताबिक बैठक में सर्वसम्मति बनने की स्थिति में शनिवार शाम को ही शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जा सकता है।
इधर, राकांपा के प्रमुख नेताओं प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, छगन भुजबल और धनंजय मुंडे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से वर्षा बंगले पर मुलाकात कर आगे की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि इस बैठक में सुनेत्रा पवार को विधानमंडल में पार्टी नेता बनाए जाने की जानकारी भी साझा की गई।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र विधानसभा में राकांपा (अजीत पवार गुट) के 41 विधायक हैं, जो सरकार में पार्टी की स्थिति को निर्णायक बनाते हैं। ऐसे में सुनेत्रा पवार का नेतृत्व न केवल पार्टी के लिए, बल्कि राज्य की राजनीति के लिए भी एक नई दिशा तय कर सकता है।
