■ मच्छरजनित रोगों के खिलाफ जनजागरूकता तेज

● ठाणे
ठाणे जिला स्वास्थ्य विभाग ने मच्छरजनित बीमारियों के बढ़ते खतरे के मद्देनज़र व्यापक जनजागरूकता अभियान ‘मच्छर से टक्कर’ की औपचारिक शुरुआत की। यह विशेष पहल जिला मलेरिया अधिकारी कार्यालय और गोडरेज एम्बेड–एफएचआई संस्था के संयुक्त तत्वावधान में संचालित की जा रही है। अभियान का उद्घाटन महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और ठाणे जिले के पालक मंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर चार भव्य जनजागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो ठाणे शहर के विभिन्न हिस्सों में भ्रमण कर मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी नागरिकों तक पहुँचाएंगे।
अभियान के अंतर्गत स्वच्छता बनाए रखने, घरों और आसपास जमा पानी को तुरंत हटाने तथा व्यक्तिगत स्तर पर आवश्यक सावधानियाँ अपनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले वर्ष ठाणे जिले में मलेरिया के 2,073, डेंगू के 1,093 और चिकनगुनिया के 168 मामले दर्ज किए गए थे।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह भी बताया कि फरवरी माह में भिवंडी तालुका में 10 से 23 फरवरी के दौरान हाथी रोग उन्मूलन के लिए विशेष दवा वितरण अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों को उम्मीद है कि ऐसे निरंतर जनजागरूकता प्रयासों से मच्छरजनित बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
