- यातायात पुलिस–एमएमआरडीए का संयुक्त निरीक्षण

● मीरा–भाईंदर
दहिसर से मीरा–भाईंदर मेट्रो-9 मार्गिका के अंतर्गत निर्मित तीसरे दोमंज़िला फ्लाईओवर को लेकर सामने आई आशंकाओं के बाद यातायात पुलिस और मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के अधिकारियों ने पुल का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फ्लाईओवर की संरचना, लेन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों की बारीकी से समीक्षा की गई।
दरअसल, इस फ्लाईओवर पर चार लेन का मार्ग आगे चलकर दो लेन में सिमट जाता है, जिसे लेकर ट्रैफिक जाम और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका जताई जा रही थी। नागरिकों ने इस व्यवस्था पर सवाल खड़े किए, वहीं सोशल मीडिया पर भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना था कि अचानक लेन कम होने से वाहनों की रफ्तार बाधित होगी और टकराव की स्थिति बन सकती है।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस ने सुरक्षित और सुचारु आवागमन के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें स्पष्ट लेन मार्किंग, दिशा-सूचक व चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और साइन बोर्ड की स्थापना, गति सीमा निर्धारण तथा आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग जैसे उपाय शामिल हैं। एमएमआरडीए अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि इन सभी सुझावों पर शीघ्र अमल किया जाएगा।
अधिकारियों का दावा है कि फ्लाईओवर के पूरी तरह संचालन में आने के बाद मीरा–भाईंदर क्षेत्र में यातायात दबाव में उल्लेखनीय कमी आएगी और वाहन चालकों को अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।
