- बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला उप मुख्यमंत्री

● मुंबई
महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार ने महायुति सरकार में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर इतिहास रच दिया। वह राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बनी हैं।
राजभवन में शनिवार शाम पांच बजे आयोजित सादे समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सुनेत्रा पवार ने यह जिम्मेदारी अपने पति और दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के स्थान पर संभाली है, जिनका बुधवार को विमान दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया था।
शपथग्रहण से पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से उनके आधिकारिक निवास ‘वर्षा’ पर मिला। प्रतिनिधिमंडल में एनसीपी के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे और वरिष्ठ नेता छगन भुजबल शामिल थे। नेताओं ने मुख्यमंत्री को एक औपचारिक पत्र सौंपकर सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से एनसीपी विधायक दल का नेता चुने जाने की जानकारी दी।
दरअसल, शनिवार दोपहर मुंबई में एनसीपी विधायकों की बैठक हुई थी, जिसमें सुनेत्रा पवार के नाम पर सहमति बनी। इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने यह पत्र राज्यपाल को भेजा, जिससे शपथग्रहण की औपचारिक प्रक्रिया पूरी हुई।
अजीत पवार के असामयिक निधन के बाद भाजपा, एनसीपी और शिवसेना की महायुति सरकार के सामने राजनीतिक स्थिरता बनाए रखने की चुनौती थी। ऐसे समय में सुनेत्रा पवार का चयन नेतृत्व की निरंतरता का संकेत माना जा रहा है।
सुनेत्रा पवार का उपमुख्यमंत्री बनना एनसीपी के लिए अहम है और महाराष्ट्र की राजनीति में महिला नेतृत्व के लिहाज से भी इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
