■ 7 गेंद पर 7 छक्के-चौके

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में ईशान किशन ने ऐसा धमाकेदार कमबैक किया, जिसने मैच का मिज़ाज ही बदल दिया। चोट के कारण पिछला मुकाबला नहीं खेल पाने वाले ईशान को जैसे ही अंतिम टी20 में मौका मिला, उन्होंने उसे यादगार बना दिया। आक्रामक अंदाज़, बेखौफ शॉट्स और रिकॉर्ड तोड़ रफ्तार ईशान की यह पारी लंबे समय तक याद की जाएगी।
मैच की शुरुआत से ही ईशान किशन पूरी तरह लय में दिखे। उन्होंने महज 28 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और फिर रफ्तार और बढ़ा दी। भारतीय पारी के 12वें ओवर में न्यूजीलैंड के स्पिनर ईश सोढ़ी को उन्होंने खास तौर पर निशाने पर लिया। ओवर की शुरुआत वाइड से हुई, इसके बाद लगातार तीन चौके पड़े। चौथी गेंद पर छक्का, पांचवीं पर चौका और आखिरी गेंद पर फिर छक्का, छह गेंदों में 29 रन। इस ओवर में चार चौके और दो छक्के लगे, जिसने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
इस ओवर के साथ ईश सोढ़ी के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी जुड़ गया। यह न्यूजीलैंड की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय में दूसरा सबसे महंगा ओवर साबित हुआ। दिलचस्प बात यह रही कि सोढ़ी इससे पहले भी सीरीज के एक मुकाबले में 29 रन वाला ओवर डाल चुके हैं।
ईशान किशन यहीं नहीं रुके। अगले ओवर की पहली ही गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ दिया और लगातार सात गेंदों पर सात बाउंड्री लगाने का दुर्लभ कारनामा कर दिखाया। अर्धशतक से शतक तक का सफर उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में तय किया और 42 गेंदों पर अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 में सबसे तेज शतक भी रहा।
हालांकि शतक के बाद ईशान अपनी ही गेंद पर आउट हो गए। उन्होंने 43 गेंदों पर 103 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें छह चौके और दस छक्के शामिल थे। यह पारी न सिर्फ मैच का आकर्षण बनी, बल्कि ईशान किशन के करियर की सबसे यादगार उपलब्धियों में भी शामिल हो गई।
