
● मुंबई
आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस की सफलता के बाद ओटीटी पर भी शीर्ष पर पहुंच चुकी है। 30 जनवरी को डिजिटल रिलीज होते ही फिल्म ने नंबर-1 की कुर्सी संभाल ली। दर्शकों से मिली इस जबरदस्त प्रतिक्रिया ने साफ कर दिया कि फिल्म की पकड़ सिर्फ कमाई तक सीमित नहीं है; इसके गाने, संवाद, कहानी और एक्शन हर मोर्चे पर चर्चा में हैं।
अब इस एक्शन ड्रामा ने उपलब्धियों की सूची में एक और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ दिया है। फिल्म का चर्चित अरबी गाना ‘एफए9एलए’ गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल रहने के साथ-साथ इस ट्रैक ने अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक चार्ट्स पर भी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई।
रणवीर सिंह पर फिल्माए गए इस गाने ने बहरीनी रैपर फ्लिपेराची को वैश्विक पहचान दिलाई। ‘एफए9एलए’ ने बिलबोर्ड अरबिया के टॉप 100 आर्टिस्ट, हॉट 100 गाने और टॉप 50 अरेबिक हिप-हॉप चार्ट्स में पहला स्थान हासिल किया। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर फ्लिपेराची का नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ।
‘एफए9एलए’ की यह कामयाबी भारतीय सिनेमा और संगीत की वैश्विक उड़ान का संकेत है, जहां स्थानीय कहानी और अंतरराष्ट्रीय धुन मिलकर नई मिसाल कायम कर रही हैं।
