■ बुलेट ट्रेन से महाराष्ट्र की रफ्तार बदलेगी

● पुणे
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पुणे–मुंबई हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को महाराष्ट्र के लिए ऐतिहासिक और परिवर्तनकारी परियोजना बताया है। परियोजना के पूरा होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटकर सिर्फ 48 मिनट रह जाएगा। दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन शुरू होने पर पुणे और मुंबई व्यावहारिक रूप से “एक ही शहर” जैसे महसूस होंगे।
रेल मंत्री ने जानकारी दी कि प्रस्तावित पुणे–हैदराबाद हाई-स्पीड कॉरिडोर पर यात्रा समय 1 घंटा 55 मिनट होगा। वर्तमान में पुणे से मुंबई की रेल यात्रा में तीन से चार घंटे लगते हैं, जबकि दोनों शहरों के बीच की दूरी करीब 191 किलोमीटर है। नए कॉरिडोर के लिए ट्रैक इस तरह तैयार किए जाएंगे कि आधुनिक ट्रेनें 350 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकें।
परियोजना की समयसीमा पर मंत्री ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी, पर उन्होंने यह जरूर बताया कि केंद्रीय बजट में महाराष्ट्र के रेल प्रोजेक्ट्स के लिए 23,926 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड आवंटन किया गया है। इसके साथ ही राज्य में 1.7 लाख करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाएं विकास के विभिन्न चरणों में हैं।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पुणे और हैदराबाद दोनों ही बड़े आईटी हब हैं और यह हाई-स्पीड कॉरिडोर दोनों शहरों के बीच तेज, सुगम और भरोसेमंद कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगा। वहीं, पुणे रेल मंडल के एक अधिकारी ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत महाराष्ट्र के 132 स्टेशनों को पुनर्विकास के लिए चिन्हित किया गया है, जिनमें से 17 स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं।
