■ चिन्मय मिशन की 75 वर्षों की आध्यात्मिक यात्रा का भव्य उत्सव

● मुंबई
चिन्मय मिशन की 75 वर्षों की प्रेरणादायी यात्रा को रेखांकित करते हुए मुंबई के बीकेसी स्थित एमएमआरडीए ग्राउंड्स में 108 सामष्टि श्री हनुमान चालीसा हवन का भव्य आयोजन किया गया। ‘चांट मुंबई, शांत मुंबई’ विषय के अंतर्गत हुए इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में 8,000 से अधिक भक्तों ने सामूहिक जप और हवन के माध्यम से विश्व शांति, शक्ति और समृद्धि की कामना की। यह आयोजन देशव्यापी चिन्मय अमृत महोत्सव के अंतर्गत मिशन के 75वें स्थापना वर्ष का एक प्रमुख पड़ाव रहा।
कार्यक्रम के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संदेश भेजते हुए चिन्मय मिशन की वेदांत, भारतीय संस्कृति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सात दशकों से अधिक की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और हवन से सामाजिक सद्भाव, मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार होगा।
इस अवसर पर उद्योग जगत, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रही। चिन्मय मिशन के पूर्व वैश्विक प्रमुख पूज्य स्वामी तेजोमयानंद, वर्तमान वैश्विक प्रमुख पूज्य स्वामी स्वरूपानंद तथा मुंबई प्रमुख स्वामी स्वात्मानंद के सान्निध्य ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
स्वामी स्वात्मानंद ने बताया कि विश्वभर के 80 चिन्मय केंद्रों में एक साथ 108 सामष्टि हनुमान चालीसा हवन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें मुंबई का आयोजन सबसे विशाल रहा। महिला पुरोहितों की सहभागिता और विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क व्यवस्था इस आयोजन की उल्लेखनीय विशेषताएं रहीं।
