■ 48 घंटे में तय होगा आवंटन

● मुंबई
महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) ने आम नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए म्हाडा लॉटरी 2026 के तहत मुंबई में करीब 5 हजार किफायती आवास उपलब्ध कराने की घोषणा की है। ये मकान अगले दो से तीन महीनों के भीतर बाजार में उतारे जाएंगे। साथ ही आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तेज और सरल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए गए हैं।
नई व्यवस्था के तहत फ्लैट चयन के बाद म्हाडा शेष राशि के भुगतान के लिए अस्थायी ऑनलाइन ऑफर लेटर जारी करेगा। ऑफर लेटर मिलने के 48 घंटे के भीतर आवेदक को बिक्री मूल्य का 10 प्रतिशत जमा करना अनिवार्य होगा। तय समय सीमा में भुगतान न होने पर आवंटन स्वतः रद्द हो जाएगा और जमा की गई सुरक्षा राशि जब्त कर ली जाएगी। इस प्रावधान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि केवल गंभीर और सक्षम खरीदार ही प्रक्रिया में आगे बढ़ें।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अस्थायी ऑफर लेटर जारी होने के बाद यदि आवेदक फ्लैट रद्द करता है, तय समय में पूरी राशि नहीं चुकाता है या किसी अन्य कारण से आवंटन निरस्त होता है, तो जमा राशि में से फ्लैट की कीमत का 1 प्रतिशत काट लिया जाएगा। शेष रकम बिना ब्याज के आवेदक को वापस कर दी जाएगी।
होम लोन लेने के इच्छुक आवेदकों को अपने लॉगिन आईडी के माध्यम से बैंक या वित्तीय संस्था का प्री-सैंक्शन लेटर अपलोड करना होगा। इसके बाद म्हाडा संबंधित बैंक के नाम से एनओसी जारी करेगा। फ्लैट की पूरी कीमत और स्टांप ड्यूटी जमा होने पर आवंटन पत्र और कब्जा पत्र सौंपा जाएगा।
म्हाडा लॉटरी 2026 के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडबल्यूएस), निम्न आय वर्ग (एलआईजी), मध्यम आय वर्ग (एमआईजी) और उच्च आय वर्ग (एचआईजी) के लिए मकान उपलब्ध होंगे। इनमें से लगभग आधे आवास गोरेगांव क्षेत्र में प्रस्तावित हैं। यह योजना मुंबई के हजारों परिवारों के लिए अपने घर के सपने को साकार करने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।
