■ टी20 विश्व कप से पहले कोच ने किया श्री सिद्धिविनायक का दर्शन

● मुंबई
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टी20 विश्व कप के पहले मुंबई स्थित प्रसिद्ध श्रीसिद्धिविनायक मंदिर में भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय टीम के सफल प्रदर्शन और खिलाड़ियों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
सुबह के समय सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे गौतम गंभीर ने विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें पारंपरिक विधि से दर्शन कराए गए। इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। दर्शन के समय मौजूद कुछ श्रद्धालुओं ने गंभीर को पहचान कर उनका अभिवादन भी किया।
गौतम गंभीर का यह धार्मिक दौरा टी20 विश्व कप से पहले भारतीय टीम की तैयारियों के बीच अहम माना जा रहा है। हाल ही में मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालने के बाद गंभीर टीम संयोजन, रणनीति और खिलाड़ियों के मानसिक संतुलन पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उनका फोकस टीम में अनुशासन, आक्रामक सोच और सामूहिक प्रदर्शन को मजबूत करने पर है।
