- बारामती हादसे में ब्लैक बॉक्स खोलेगा राज

● मुंबई
बारामती हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार से जुड़े विमान हादसे को लेकर प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाले संकेत सामने आए हैं। जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार इस दुर्घटना के पीछे दो प्रमुख वजहों पर फोकस किया जा रहा है, बेहद कम दृश्यता के बावजूद लैंडिंग का फैसला और विमान में संभावित तकनीकी खराबी। हालांकि, अधिकारी अभी किसी नतीजे पर पहुंचने से बच रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि हादसे के समय रनवे पर दृश्यता बेहद सीमित थी। इसके बावजूद विमान ने लैंडिंग का प्रयास किया, जिसे जांचकर्ता जोखिम भरा निर्णय मान रहे हैं। प्रारंभिक आकलन में यह बिंदु खास तौर पर रेखांकित किया गया है कि प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों में लिया गया यह फैसला हादसे की कड़ी बन सकता है।
जांच के दौरान विमान के किसी तकनीकी सिस्टम में गड़बड़ी की आशंका भी सामने आई है। माना जा रहा है कि लैंडिंग के वक्त विमान के प्रदर्शन पर इसका असर पड़ा हो सकता है। इन दोनों पहलुओं को जोड़कर जांच एजेंसियां घटनाक्रम की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं।
अधिकारियों के मुताबिक विमान के ब्लैक बॉक्स से डेटा रिकवर करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उड़ान से जुड़े सभी तकनीकी और परिचालन आंकड़ों का विश्लेषण पूरा होने के बाद ही अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। जांच एजेंसियों का कहना है कि ब्लैक बॉक्स से मिलने वाला डेटा इस मामले में निर्णायक साबित होगा।
गौरतलब है कि बारामती की टेबलटॉप हवाई पट्टी के पास दुर्घटनाग्रस्त हुए लीयरजेट-45 विमान का ब्लैक बॉक्स घटना के एक दिन बाद बरामद कर लिया गया था। विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) इस हादसे की गहन जांच कर रहा है।
