■ 54 राइडर्स तैयार, हेल्पलाइन नंबर जारी

● ठाणे
दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाओं के दौरान छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए ठाणे शहर ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है। सड़क पर किसी भी तरह की अड़चन ट्रैफिक जाम, वाहन खराब होना या देर होने की स्थिति में त्वरित मदद के लिए 54 विशेष राइडर्स तैनात किए गए हैं। यह व्यवस्था पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे और सह आयुक्त डॉ. ज्ञानेश्वर चव्हाण के मार्गदर्शन में लागू की गई है।
महाराष्ट्र बोर्ड की बारहवीं की परीक्षाएं 10 फरवरी से और दसवीं की परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू हो रही हैं। ठाणे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में बारहवीं के 126 और दसवीं के 223 परीक्षा केंद्र हैं। परीक्षा अवधि में ट्रैफिक विभाग पूरी सतर्कता के साथ इन केंद्रों की ओर जाने वाले मार्गों पर निगरानी रखेगा।
● हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें
छात्रों और अभिभावकों की सहायता के लिए ट्रैफिक पुलिस ने हेल्पलाइन भी सक्रिय की है। किसी भी आपात स्थिति में ट्रैफिक कंट्रोल हेल्पलाइन 8286300300 और 8286400400 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं, व्हाट्सएप नंबर 7039003866 पर भी सहायता उपलब्ध रहेगी। सभी 18 ट्रैफिक यूनिट्स में मदद के लिए अलग-अलग नंबर जारी किए गए हैं। इसके साथ ही कंट्रोल रूम में तीन अतिरिक्त वाहन भी तैनात रहेंगे, ताकि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच सके।
उप आयुक्त पंकज शिरसाट ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा केवल परीक्षा कालावधि के लिए है। उन्होंने अभिभावकों और नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से छात्रों को तनावमुक्त माहौल में परीक्षा देने में मदद मिलेगी।
