
● मुंबई
मुंबई के बांद्रा पश्चिम और खार क्षेत्र के नागरिकों को मंगलवार, 10 फरवरी को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ेगा। पाली हिल जलाशय से जुड़ी जलवाहिनी में तकनीकी गड़बड़ी के कारण इन इलाकों में 14 घंटे तक पानी की आपूर्ति बंद रहेगी। इसे देखते हुए मुंबई महानगरपालिका ने नागरिकों से पूर्व तैयारी के तौर पर पानी का भंडारण करने और संयमित उपयोग करने की अपील की है।
मनपा सूत्रों के अनुसार पाली हिल जलाशय की 900 मिलीमीटर व्यास वाली इनलेट जलवाहिनी में रिसाव पाया गया है। यह जलवाहिनी बांद्रा पश्चिम स्थित कुरैशी नगर झोपड़पट्टी, म्हाडा के खुले भूखंड और पश्चिम द्रुतगति महामार्ग के समीप से गुजरती है। इसी जलवाहिनी की मरम्मत के लिए मंगलवार को सुबह 10 बजे से रात 12 बजे तक कार्य किया जाएगा।
मरम्मत कार्य के दौरान एच-पश्चिम विभाग के कुछ हिस्सों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में कम दबाव से पानी मिलने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक जल उपयोग से बचें और सहयोग करें, ताकि मरम्मत कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।
