● मुंबई
साहित्य, कविता और कहानी के रसिकों के लिए रविवार, 15 फरवरी 2026 की शाम विशेष होने जा रही है। ‘चित्रनगरी संवाद मंच’ के तत्वावधान में एक बहुरंगी साहित्यिक आयोजन का आमंत्रण दिया गया है, जिसमें देश के प्रतिष्ठित साहित्यकार और कवि अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के ख्यात साहित्यकार गंगाराम राजी कहानी पाठ करेंगे। वहीं ‘धरोहर’ खंड के अंतर्गत भारतीय ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित पद्मभूषण कवि कुंवर नारायण की कविता का पाठ कवयित्री अनामिका शर्मा द्वारा किया जाएगा, जो साहित्य प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
इसके साथ ही ‘विविधरंगी काव्य संध्या’ में शिवदत्त शर्मा, संजय गुप्ता, अर्चना झा, सर्वेश कुमार यादव और आमना आज़मी अपनी कविताओं का पाठ करेंगे। कार्यक्रम का संचालन प्रज्ञा मिश्र करेंगी।
यह साहित्यिक संध्या शाम 5 बजे से 7.30 बजे तक केशव गोरे स्मारक ट्रस्ट, पहली मंज़िल, मृणालताई हाल, आरे रोड, एस.वी. रोड, गोरेगांव-पश्चिम, मुंबई में आयोजित होगी।
चित्रनगरी आयोजन समिति ने साहित्य प्रेमियों से इस गरिमामयी आयोजन में उपस्थिति दर्ज कराने का आग्रह किया है।
