
● नई दिल्ली
टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम ने नामीबिया को 93 रन से हराकर टूर्नामेंट में लगातार जीत की लय बरकरार रखी, हालांकि जिस तूफानी अंदाज में शुरुआत मिली थी, उससे कहीं बड़ा स्कोर बनने की उम्मीद जगी थी। अंततः भारत नौ विकेट पर 209 रन तक ही पहुंच सका।
अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस जीतकर नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ईशान किशन और संजू सैमसन ने आक्रामक शुरुआत दी। संजू ने आठ गेंदों पर 22 रन बनाए, पर दूसरे ओवर में चलते बने। इसके बाद ईशान और तिलक वर्मा ने पावरप्ले में रन वर्षा कर दी। दोनों ने पहले छह ओवर में 86 रन जोड़े, जो टी-20 विश्व कप इतिहास में तीसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है।
ईशान किशन ने केवल 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 23 गेंदों पर 61 रन की विस्फोटक पारी खेली। सातवें ओवर में टीम का स्कोर 100 के पार पहुंच चुका था और श्रीलंका के 260 रन के रिकॉर्ड पर भी चर्चा होने लगी थी। पर आठवें ओवर में ईशान के आउट होते ही रफ्तार थम गई। तिलक (25) और कप्तान सूर्य (13) के जल्दी आउट होने से नामीबिया ने वापसी की।
हार्दिक पांड्या ने फिर पारी को संभाला। उन्होंने 24 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए 52 रन बनाए और शिवम दुबे (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 रन जोड़े। पर पांड्या के आउट होते ही निचला क्रम बिखर गया। अंतिम चार ओवर में भारत केवल 23 रन जोड़ सका और पांच विकेट गंवा बैठा।
नामीबिया की ओर से कप्तान इरास्मस सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 20 रन देकर चार अहम विकेट झटके और भारत को 220 के पार जाने से रोका।
जवाब में नामीबिया की पूरी टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई। भारत ने 93 रन से जीत दर्ज की, जो टी-20 विश्व कप में उसकी सबसे बड़ी जीत है। यह टूर्नामेंट में भारत का 200 से अधिक स्कोर बनाने का चौथा अवसर भी रहा।
अब 15 फरवरी को कोलंबो में भारत का मुकाबला चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा, जिस पर पूरे क्रिकेट जगत की निगाहें टिकी हैं।
