- यहां बन रही है पहली ग्रीन रूफ लाइब्रेरी

● नई दिल्ली
लखनऊ अब शैक्षणिक और पर्यावरणीय नवाचार की दिशा में एक नया अध्याय लिखने जा रहा है। विदेशों के चुनिंदा विश्वविद्यालयों की तर्ज पर शहर में पहली बार ऐसी लाइब्रेरी विकसित की जा रही है, जिसकी छत पर हरे-भरे वातावरण के बीच विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ‘द गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज’ नामक 20 एकड़ में बन रहे अर्बन पार्क के भीतर इस ग्रीन रूफ लाइब्रेरी को साकार कर रहा है।
गुरुवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने परियोजना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि कैंसर अस्पताल के पास स्थित ग्रीन बेल्ट की भूमि पर लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से यह आधुनिक अर्बन पार्क विकसित हो रहा है। ग्रीन रूफ लाइब्रेरी इसकी प्रमुख आकर्षण होगी, जिसकी डिजाइन प्रकृति और ज्ञान के समन्वय का प्रतीक बनेगी।
पार्क में लगभग 600 मीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक और पाथवे तैयार किया जाएगा। एक एकड़ में विकसित होने वाली वाटर बॉडी के किनारे फ्रैगरेंस गार्डन बनाया जाएगा, जहां सुगंधित पौधे वातावरण को महकाएंगे। ओपन जिम, बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया और आकर्षक झूलों की व्यवस्था भी की जा रही है।
खेल प्रेमियों के लिए बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस कोर्ट और बॉक्स क्रिकेट जैसी सुविधाओं से युक्त स्पोर्ट्स एरीना तैयार होगा। इसे पार्क के किनारे इस प्रकार विकसित किया जाएगा कि बाहरी लोग भी सीधे प्रवेश कर सकें। लगभग 300 लोगों की क्षमता वाला एम्फीथिएटर और फूड कोर्ट भी इस परिसर का हिस्सा होंगे।
‘गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज’ की अवधारणा के अनुरूप यहां ऐसे उपकरण लगाए जाएंगे, जिनसे बच्चे दृश्य, स्पर्श, ध्वनि, गंध और स्वाद जैसी इंद्रियों के अनुभव को समझ सकेंगे।
इसी के साथ सीजी सिटी योजना में जल निकासी के लिए 38 करोड़ रुपये की लागत से डेढ़ किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण जारी है। इकाना स्टेडियम और वेटलैंड क्षेत्र के पास बन रहे इस नाले का भी निरीक्षण किया गया। सीएसआई टावर में लिफ्ट संचालन में खामी मिलने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सीजी सिटी में इकाना स्टेडियम के पीछे मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण भी शुरू हो चुका है। डबल बेसमेंट वाली इस पार्किंग में एक साथ 500 से अधिक वाहन खड़े हो सकेंगे। इसकी छत पर हरियाली और हार्टिकल्चर विकसित कर इसे भी पर्यावरण अनुकूल स्वरूप दिया जाएगा।
लखनऊ का यह अर्बन पार्क आने वाले समय में अध्ययन, मनोरंजन और प्रकृति के संगम का नया केंद्र बन सकता है।
