
● मुंबई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 फरवरी को एक दिवसीय दौरे पर मुंबई पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर शहर में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं। प्रधानमंत्री दोपहर 2:15 बजे मुंबई पहुंचेंगे और इसके तुरंत बाद लोकभवन (पूर्व राजभवन) में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। शाम 5 बजे दोनों नेता होटल ताज में विभिन्न उद्योग समूहों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ राउंडटेबल बैठक में हिस्सा लेंगे।
शाम 6:30 बजे मुंबई के प्रतिष्ठित स्थल गेटवे ऑफ इंडिया परिसर में भारत–फ्रांस सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी रहेगी, जिसके कारण दक्षिण मुंबई के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू किए जाएंगे।
- यातायात विभाग के अनुसार दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक विशेष ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावी रहेगी। छत्रपति शिवाजी महाराज मार्ग और श्यामाप्रसाद मुखर्जी चौक को सामान्य वाहनों के लिए बंद रखा जाएगा और केवल आपातकालीन सेवाओं को अनुमति होगी। नॉर्थ कोर्ट से एडम स्ट्रीट जंक्शन तक पी. रामचंदानी मार्ग भी आम यातायात के लिए बंद रहेगा। रिगल जंक्शन की ओर आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अतिरिक्त एडम स्ट्रीट और पी. रामचंदानी मार्ग स्थित टैक्सी स्टैंड तथा बेस्ट बस स्टॉप अस्थायी रूप से बंद रहेंगे।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग परिवर्तन का पालन करें और यातायात पुलिस का सहयोग करें, ताकि वीवीआईपी कार्यक्रमों के दौरान व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
