
● नई दिल्ली
संयुक्त प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2026 (सेशन-1) के परिणामों में दिल्ली (एनसीटी) के श्रेयस मिश्रा ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने 100 एनटीए पर्सेंटाइल प्राप्त कर न केवल दिल्ली स्टेट टॉपर का गौरव हासिल किया, बल्कि ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 1 के साथ पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित रॉयल नेस्ट सोसायटी के निवासी श्रेयस की इस उपलब्धि से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा सोमवार को घोषित परिणामों के अनुसार इस बार कुल 12 अभ्यर्थियों ने 100 पर्सेंटाइल स्कोर किया, किंतु दिल्ली से सर्वोच्च स्थान श्रेयस के नाम रहा।
श्रेयस के पिता सुमंत मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बेटे की इस सफलता से परिवार में हर्ष का वातावरण है। उन्होंने बताया कि श्रेयस ने अनुशासित दिनचर्या और निरंतर परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। परिवार को उस पर गर्व है कि उसने दिल्ली का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
शिक्षा जगत में श्रेयस की इस सफलता को प्रेरणादायी उपलब्धि माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि कड़ी मेहनत, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है, और श्रेयस मिश्रा इसका सशक्त उदाहरण हैं।
