■ 9 करोड़ का चेक बाउंस मामले में मिली जमानत

● नई दिल्ली
9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में बीते कई दिनों से जेल में बंद अभिनेता राजपाल यादव को आखिरकार राहत मिल गई है। 5 फरवरी को सरेंडर करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, लेकिन अब लगभग 11 दिन बाद जमानत मिलने पर वे तिहाड़ जेल से रिहा हो गए।
जेल से बाहर आते ही राजपाल यादव ने मीडिया से बातचीत की और भावुक अंदाज़ में अपने प्रशंसकों और न्यायपालिका का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 2027 में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में उनके 30 वर्ष पूरे हो जाएंगे और यह सफर देशवासियों के प्रेम और समर्थन के बिना संभव नहीं था। उनके शब्दों में, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उन्हें अपनाया, तभी वे 200 से अधिक फिल्मों में काम कर सके।
अभिनेता ने यह भी कहा कि पिछले दस वर्षों में माननीय हाईकोर्ट द्वारा जहां-जहां उपस्थित होने का निर्देश दिया गया, वे हर बार हाजिर हुए हैं और भविष्य में भी कानून का सम्मान करते हुए उपस्थित रहेंगे। उन्होंने न्यायालय के प्रति कृतज्ञता जताते हुए कहा कि जनता का स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
इस मामले में राहत मिलने के बाद अब सबकी नजरें आगे की कानूनी प्रक्रिया और राजपाल यादव की पेशेवर वापसी पर टिकी हैं।
