■ नीदरलैंड्स पर 18 रन से विजय

● नई दिल्ली
सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम इंडिया ने आईसीसी टी20I वर्ल्ड कप 2026 में अपनी विजयी लय बरकरार रखी है। अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के 36वें मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड्स को 18 रन से पराजित किया।
भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 194 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड्स की टीम ने भी शानदार संघर्ष किया और आख़िरी गेंद तक मुकाबले को जीवंत बनाए रखा। हालांकि भारतीय गेंदबाज़ों के अनुशासित प्रदर्शन के आगे उसके प्रयास नाकाफी साबित हुए। नीदरलैंड्स 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 176 रन ही बना सकी।
इस जीत के साथ भारत ने साख़ली चरण में लगातार चौथी और कुल चौथी जीत दर्ज की। दूसरी ओर, नीदरलैंड्स की टीम अपने विश्व कप अभियान का समापन जीत के साथ करने में असफल रही।
भारत की जीत के सूत्रधार ऑलराउंडर शिवम दुबे रहे। उन्होंने टीम के लिए सर्वाधिक 66 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके बाद गेंदबाज़ी में भी कमाल दिखाते हुए दो विकेट हासिल किए। अपने इस शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए दुबे को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
