
● नई दिल्ली
देश की राजधानी में चल रहे India AI Impact Summit को लेकर उत्साह चरम पर है। बढ़ती भीड़ और अभूतपूर्व जनरुचि को देखते हुए आयोजकों ने एक्सपो की अवधि एक दिन बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब प्रदर्शनी 21 फरवरी 2026, शनिवार तक आम दर्शकों के लिए खुली रहेगी।
प्रेस वार्ता में आईटी सचिव एस. कृष्णन ने बताया कि शुरुआती दिनों में बहुपक्षीय बैठकों और उच्चस्तरीय कार्यक्रमों के कारण सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी। इससे आम आगंतुकों को कुछ असुविधा हुई। अब शनिवार को अपेक्षाकृत सरल सुरक्षा प्रबंधों के बीच छात्र, शोधार्थी और पेशेवर प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकेंगे।
सम्मेलन में 400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इनमें स्टार्टअप, अग्रणी कॉरपोरेट कंपनियां, सरकारी संस्थान और शोध संगठनों की भागीदारी उल्लेखनीय है। पहले तीन दिनों में ही बड़ी संख्या में आगंतुक पहुंचे। 16 फरवरी को, जब कुछ हिस्सों में आम जनता का प्रवेश सीमित था, तब भी भीड़ प्रबंधन चुनौती बना रहा। लगातार उमड़ती भीड़ को देखते हुए अवधि विस्तार का निर्णय लिया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि सभी प्रदर्शक शनिवार तक अपने स्टॉल संचालित रख पाएंगे या नहीं।
19 फरवरी को प्रधानमंत्री Narendra Modi और अन्य वैश्विक नेताओं की पूर्ण बैठक के कारण एक्सपो आम जनता के लिए बंद रहेगा। इसके बाद अगले दिन से फिर प्रवेश शुरू होगा।
इस बीच सम्मेलन ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि भी दर्ज की है। ब्रिटेन स्थित Guinness World Records ने पुष्टि की कि 24 घंटे के भीतर जिम्मेदार एआई उपयोग के लिए सर्वाधिक छात्र प्रतिज्ञाएं यहीं दर्ज हुईं। निर्णायक प्रवीन पटेल के अनुसार कुल 2,50,946 प्रतिज्ञाएं प्राप्त हुईं, जबकि लक्ष्य मात्र 5,000 का था।
केंद्रीय मंत्री Ashwini Vaishnaw ने कहा कि स्कूलों और कॉलेजों तक पहुंचकर जिम्मेदार एआई उपयोग की शपथ दिलाना प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। यह पहल स्पष्ट करती है कि भारत तकनीकी प्रगति के साथ नैतिकता और जवाबदेही को भी समान महत्व दे रहा है।
