■ संत निरंकारी मिशन का ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का चौथा चरण

● मुंबई
जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरण को सशक्त बनाने हेतु संत निरंकारी मिशन द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान का चौथा चरण रविवार, 22 फरवरी को प्रातः 8 से 11 बजे तक देशभर में आयोजित किया जाएगा। परम श्रद्धेय सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के निर्देशानुसार यह अभियान व्यापक स्तर पर क्रियान्वित होगा।
मुंबई महानगर प्रदेश में कुलाबा से भाईंदर, दादर से मुलुंड और मानखुर्द सहित ठाणे, नवी मुंबई, उरण, डोंबिवली, कल्याण, बदलापुर, भिवंडी, वसई-विरार और पालघर तक कुल 67 स्थानों पर जलस्रोतों की सफाई की जाएगी। मिशन के सचिव आदरणीय श्री जोगिंदर सुखीजा ने बताया कि देशभर में 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ यह अभियान चलाया जाएगा, जिससे यह पहल ऐतिहासिक रूप ले रही है।
इस परियोजना का उद्देश्य समाज को यह संदेश देना है कि जल केवल संसाधन नहीं, जीवन का आधार है। वर्ष 2023 में बाबा हरदेव सिंह जी की प्रेरणा से संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से प्रारंभ ‘प्रोजेक्ट अमृत’ जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दे रहा है। नदियों, तालाबों और अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों की स्वच्छता के साथ जागरूकता संगोष्ठियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता एवं स्वास्थ्य का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जा रहा है।
