
● नई दिल्ली
करीब 128 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद क्रिकेट एक बार फिर ओलंपिक के मंच पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रहा है। आईसीसी ने लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए क्रिकेट मुकाबलों के वेन्यू को अंतिम रूप दे दिया है। सभी मैच कैलिफोर्निया के पोमोना स्थित फेयरप्लेक्स मैदान पर खेले जाएंगे, जहां एक आधुनिक अस्थायी स्टेडियम का निर्माण शुरू हो चुका है।
बुधवार को ग्राउंड-ब्रेकिंग सेरेमनी के साथ इस परियोजना ने गति पकड़ी। आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने इसे क्रिकेट के वैश्विक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी खेल के लिए गौरव और नए अवसरों का प्रतीक है, साथ ही अमेरिका में इसकी मजबूत नींव भी रखेगी।
क्रिकेट आखिरी बार पेरिस 1900 ओलंपिक में खेला गया था, जहां केवल एक मैच हुआ था। अब एलए 2028 में यह खेल आधुनिक टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में लौटेगा। पुरुष और महिला, दोनों वर्गों में 6-6 टीमें हिस्सा लेंगी, प्रत्येक टीम में 15 खिलाड़ी होंगे। इस प्रकार प्रति वर्ग 90 एथलीटों का कोटा तय किया गया है।
