• अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जुहू बीच से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

▪️ मुंबई
बदलती जीवनशैली के कारण आजकल बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में इन बीमारियों से बचने के लिए योग एक प्रभावी और रामबाण उपाय है। यह बात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कही। उन्होंने लोगों से नियमित योग करने और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से दूर रहने का आह्वान किया।
जुहू बीच स्थित फूड कोर्ट के पास आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बोल रहे थे। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, सांसद रवींद्र वायकर, विधायक अमित साटम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो व्यक्ति नियमित रूप से योग करता है, वह किसी भी मानसिक परिस्थिति में खुद को मजबूत रखकर हर चुनौती का सामना कर सकता है। इसलिए योग विद्या का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार होना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे नियमित योग अपनाकर अपने शरीर को स्वस्थ और मन को प्रसन्न रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग केवल शरीर तक सीमित नहीं है बल्कि यह मन और आत्मा के संतुलन पर भी जोर देता है। योग के माध्यम से मनुष्य का संबंध प्रकृति से और अधिक मजबूत होता है।
