- जोहो संस्थापक ने दी रोजगार संकट की चेतावनी

- मुंबई। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और ऑटोमेशन का बढ़ता दायरा आने वाले समय में रोजगार के पारंपरिक अवसरों को सीमित कर सकता है। उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी मिलने की उम्मीद भी कमजोर पड़ सकती है। जोहो के संस्थापक श्रीधर वेम्बू ने इस बदलती स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए कहा है कि दुनिया को रोजगार के नए मॉडल के लिए तैयार होना होगा। उनके मुताबिक, भारत को भी इस चुनौती को गंभीरता से समझने की जरूरत है।
वेम्बू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर चीन में युवाओं की बेरोजगारी से संबंधित एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चीन जैसे मजबूत औद्योगिक और आर्थिक आधार वाले देश में भी शिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है। भारत को इस स्थिति से सबक लेना चाहिए, क्योंकि आने वाले समय में एआई और ऑटोमेशन के कारण रोजगार का संकट दूसरे देशों में भी गहरा सकता है।
चीन में 16 से 24 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की बेरोजगारी दर 18 प्रतिशत तक पहुंचने का उल्लेख किया गया है। वहीं, 25 से 29 वर्ष आयु वर्ग में यह दर 7.4 प्रतिशत बताई गई है। इस वर्ष लगभग 1 करोड़ 27 लाख स्नातक नौकरी की तलाश में रोजगार बाजार में उतरे हैं। दूसरी ओर, कंपनियों में एआई के बढ़ते इस्तेमाल से नए कर्मचारियों की जरूरत कम होती जा रही है।
वेम्बू ने चीन की आर्थिक स्थिति का उदाहरण देते हुए कहा कि वह दुनिया का प्रमुख विनिर्माण केंद्र है। तकनीक और व्यापार के क्षेत्र में उसकी मजबूत स्थिति है। इसके बावजूद शिक्षित युवाओं के लिए पर्याप्त नौकरियां पैदा करना उसके सामने चुनौती बना हुआ है। चीन में 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग के बेरोजगारों में लगभग 70 प्रतिशत विश्वविद्यालयों से स्नातक हैं। यह स्थिति बताती है कि केवल उच्च शिक्षा रोजगार की गारंटी नहीं रह गई है।

- नौकरी के बजाय उद्यमिता पर देना होगा जोर
श्रीधर वेम्बू के अनुसार, मौजूदा शिक्षा व्यवस्था युवाओं को अच्छी डिग्री हासिल कर नियमित वेतन वाली नौकरी पाने के लिए तैयार करती है। हालांकि, एआई और ऑटोमेशन के विस्तार से इसी रोजगार मॉडल पर दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में शिक्षा और आर्थिक नीतियों में बदलाव जरूरी है।
उन्होंने स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की वकालत की। उनका मानना है कि छोटे कारोबार, स्थानीय उद्योग और स्वतंत्र व्यवसाय रोजगार के नए अवसर पैदा कर सकते हैं। अमेरिका के आर्थिक विकास में भी छोटे उद्योगों और स्वरोजगार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
वेम्बू की चेतावनी का संकेत स्पष्ट है कि भविष्य में केवल डिग्री के आधार पर नौकरी मिलने की उम्मीद करना पर्याप्त नहीं होगा। युवाओं को बदलती तकनीक के अनुरूप कौशल विकसित करने के साथ अपना रोजगार पैदा करने की दिशा में भी तैयार रहना होगा।
