- मुंबई।
मुंबई में वायु प्रदूषण को लेकर हुए एक नए अध्ययन ने ऊंची इमारतों में रहने वालों की चिंता बढ़ा दी है। आमतौर पर माना जाता है कि जमीन से जितनी ऊंचाई बढ़ती है, हवा उतनी ही स्वच्छ होती जाती है, लेकिन मुंबई में किया गया अध्ययन इस धारणा के उलट तस्वीर पेश करता है। इसके अनुसार, ऊंची इमारतों की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों को निचली मंजिलों की तुलना में 40 प्रतिशत तक अधिक प्रदूषित हवा में सांस लेनी पड़ सकती है।

मुंबई के वडाला क्षेत्र में स्थित आवासीय परिसरों में मुंबई इकोलॉजिकल रिसर्च एंड एनालिसिस ग्रुप ने फरवरी से मई 2026 के बीच यह अध्ययन किया। इसके लिए दूसरी से लेकर 26वीं मंजिल तक विशेष उपकरण लगाए गए। इनके माध्यम से पीएम 2.5, मोटे धूल कणों और गैसीय प्रदूषकों के स्तर की निगरानी की गई।
अध्ययन में सामने आया कि मार्च महीने के दौरान ऊपरी मंजिलों पर प्रदूषण का स्तर निचली मंजिलों के मुकाबले 40 प्रतिशत तक अधिक था। इसकी एक प्रमुख वजह दूर स्थित औद्योगिक इकाइयों की चिमनियों से निकलने वाला धुआं है, जो हवा के साथ ऊंचाई तक पहुंच जाता है। इसके अलावा, आसपास बनी ऊंची इमारतें हवा के प्राकृतिक प्रवाह में बाधा डालती हैं। इससे प्रदूषित कण इमारतों के ऊपरी हिस्सों में जमा हो सकते हैं।
इस अध्ययन ने स्पष्ट किया है कि ऊंचाई पर रहने का मतलब स्वच्छ हवा में सांस लेना नहीं है। मुंबई जैसे महानगर में वायु प्रदूषण का असर ऊंची इमारतों की ऊपरी मंजिलों तक पहुंच रहा है।
