- सूर्यकांत उपाध्याय

बुद्ध का एक नया शिष्य था। संन्यास लेने के बाद उसने बुद्ध से पूछा कि आज भिक्षा मांगने कहां जाऊं? बुद्ध ने उसे अपनी एक श्राविका के घर भेज दिया।
शिष्य जब वहां भोजन करने बैठा तो हैरान रह गया। भोजन में वही पकवान थे, जिन्हें वह पसंद करता था। भोजन के बाद उसने विश्राम करने के बारे में सोचा। तभी श्राविका ने स्वयं उससे आग्रह किया कि वह कुछ देर आराम कर ले। शिष्य के मन में शंका हुई कि कहीं वह उसके विचार तो नहीं पढ़ रही है। विश्राम के दौरान उसके मन में शय्या और अपने घर की याद आई। तभी श्राविका ने कहा कि शय्या और छाया की चिंता न करें।
अब शिष्य को विश्वास हो गया कि वह उसके मन की बातें जान लेती है। वह घबरा गया, क्योंकि उस सुंदर युवती को देखकर उसके मन में कुछ विकारपूर्ण विचार भी उठे थे। वह शर्मिंदा होकर वहां से भागा और बुद्ध के पास पहुंचकर बोला कि अब वह उस घर कभी नहीं जाएगा।
बुद्ध ने उसकी बात सुनकर कहा कि उसी घर जाना उसकी साधना का हिस्सा है। उन्होंने समझाया कि मन में जो भी विचार, क्रोध, कामना या विकार उठें, उन्हें दबाने के बजाय केवल सजग होकर देखते रहना। अपने भीतर जागरूकता का दीप जलाए रखना।
अगले दिन शिष्य फिर वहां गया। इस बार वह अपने हर कदम, श्वास और मन में उठने वाले भावों के प्रति पूरी तरह सचेत था। आश्चर्य की बात यह थी कि उसके मन में कोई विकार नहीं उठा। वह गहरे सन्नाटे और शांति का अनुभव करते हुए लौटा और बुद्ध के चरणों में नतमस्तक हो गया।
बुद्ध ने कहा कि जिस प्रकार प्रकाश से भरे घर में चोर प्रवेश नहीं करते, उसी प्रकार जागरूकता से भरे मन में विकार टिक नहीं पाते। जब मनुष्य अपने विचारों और भावनाओं के प्रति सजग हो जाता है, तब मन की अशांति धीरे-धीरे समाप्त होने लगती है।
- जीवन का संदेश यही है कि मन के विकारों से लड़ने के बजाय उन्हें जागरूकता के साथ देखना सीखें। भीतर का बोध ही मन को निर्मल और शांत बनाने का सबसे प्रभावी मार्ग है।
