
- मुंबई
मुंबई के संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में पर्यटन को नया आयाम देने के लिए मुलुंड से बोरीवली तक रोपवे बनाने की योजना पर विचार किया जा रहा है। प्रस्तावित रोपवे राष्ट्रीय उद्यान के अतिसंरक्षित वन क्षेत्र के ऊपर से गुजर सकता है। हालांकि, इस योजना ने वन्यजीवों की सुरक्षा और उनके प्राकृतिक आवास को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

महाराष्ट्र का सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इस परियोजना की व्यवहार्यता का अध्ययन कराने की तैयारी में है। इसके लिए सलाहकार नियुक्त करने की निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है। प्रस्ताव के तहत स्टील की मजबूत केबलों पर यात्री केबिन या कुर्सियां लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से पर्यटक जंगल के ऊपर से गुजरते हुए वन्यजीवों को देख सकेंगे। परियोजना को अभी अंतिम मंजूरी नहीं मिली है।

- तीन दशक से संरक्षित है जंगल का यह हिस्सा
राष्ट्रीय उद्यान के अतिसंरक्षित क्षेत्र में वर्ष 1991 से आम लोगों और निजी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध है। तत्कालीन केंद्रीय पर्यावरण राज्यमंत्री मेनका गांधी की पहल पर वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए यह व्यवस्था लागू की गई थी। इस क्षेत्र में तेंदुए, हिरण, नीलगाय, जंगली सूअर और मोर सहित कई प्रजातियां पाई जाती हैं। उद्यान में 54 से अधिक तेंदुए होने की जानकारी भी सामने आई है।

- पर्यावरणविदों ने उठाए सवाल
वनशक्ति संस्था ने आशंका जताई है कि रोपवे के लगातार संचालन और निर्माण के दौरान होने वाली गतिविधियों से वन्यजीवों का प्राकृतिक जीवन प्रभावित हो सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि रोपवे को जंगल के संवेदनशील हिस्से के बजाय बाहरी सीमा पर बनाया जाना चाहिए। अन्य वन्यजीव रक्षकों ने भी पर्यटन गतिविधियों को निर्धारित मनोरंजन क्षेत्र तक सीमित रखने की आवश्यकता बताई है।

पीडब्ल्यूडी के अनुसार, परियोजना का स्वरूप व्यवहार्यता अध्ययन के बाद तय होगा। वहीं, वन विभाग को फिलहाल इस प्रस्ताव की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। ऐसे में पर्यटन को बढ़ावा देने की इस पहल में वन्यजीव संरक्षण की चुनौती अहम होगी।
