- प्रतिबंध और जागरूकता अभियान बेअसर, दिवाली के बाद भी प्रदूषण बढ़ने की आशंका

- मुंबई। दिवाली पर आतिशबाजी रोकने के लिए किए गए तमाम प्रयास मुंबई में बेअसर साबित हुए। पटाखों पर प्रतिबंध और प्रशासन की चेतावनियों के बावजूद शहर में देर रात तक जमकर आतिशबाजी हुई। इसका असर मुंबई की हवा पर पड़ा और कई इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया।
दिवाली से पहले मुंबई की वायु गुणवत्ता अपेक्षाकृत बेहतर थी, लेकिन त्योहार के दौरान पटाखों से निकले धुएं ने स्थिति बिगाड़ दी। 7 नवंबर को शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 107 दर्ज किया गया था। 8 नवंबर की सुबह यह 103 रहा। हालांकि, बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में एक्यूआई 170 तक पहुंच गया था। चकाला-अंधेरी में 106, चेंबूर में 111, कांदिवली पश्चिम में 103 और बांद्रा पूर्व में 136 एक्यूआई दर्ज किया गया।

• आतिशबाजी का सबसे ज्यादा असर रात के समय दिखाई दिया। 8 नवंबर की रात लगभग 12 बजे मुंबई का एक्यूआई 260 पहुंच गया। यह स्तर हवा में प्रदूषण की गंभीर बढ़ोतरी को दर्शाता है। पटाखों से निकलने वाले धुएं और सूक्ष्म कणों के कारण आने वाले दिनों में भी वायु गुणवत्ता खराब रहने और प्रदूषण का स्तर और बढ़ने की आशंका है।
विशेषज्ञों के अनुसार, आतिशबाजी से निकलने वाले सूक्ष्म कण सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं पैदा कर सकते हैं। अस्थमा और सांस की बीमारियों से पीड़ित लोगों, बुजुर्गों तथा बच्चों के लिए यह स्थिति अधिक चिंताजनक है।
दिवाली पर प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद हुई आतिशबाजी ने प्रशासन की तैयारियों और नियमों के पालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहार के बाद भी मुंबईकरों को स्वच्छ हवा के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।
