- मुंबई। दिवाली पर घरों और सार्वजनिक स्थानों पर रंग-बिरंगी रंगोलियां बनाने की परंपरा है। आमतौर पर इन्हें रंगों, फूलों और चावल के आटे से सजाया जाता है, लेकिन दुबई में इस बार रंगोली बनाने का ऐसा अनोखा प्रयोग हुआ है, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया है। यहां रंगों की जगह सोने और हीरे के आभूषणों से भव्य रंगोली तैयार की गई है। इसकी कीमत करीब 9.36 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

दुबई की प्रसिद्ध आभूषण कंपनी ‘दमास’ ने दिवाली के अवसर पर यह विशेष कलाकृति तैयार की है। इसे बनाने में 6.5 किलोग्राम सोने और हीरे के 213 आभूषणों का इस्तेमाल किया गया है। दो मीटर लंबी और दो मीटर चौड़ी इस रंगोली को तैयार करने में 10 लोगों की टीम ने लगातार 16 घंटे तक मेहनत की।
- गहनों से उकेरी गई पारंपरिक कला
इस अनूठी रंगोली में हार, कंगन, झुमके, अंगूठियां और पेंडेंट जैसे आभूषणों को कलात्मक ढंग से सजाया गया है। प्रत्येक गहने को विशेष डिजाइन के अनुसार लगाया गया है, जिससे पारंपरिक भारतीय रंगोली को बिल्कुल नया और भव्य स्वरूप मिला है। दुबई के सिटी सेंटर डीरा में इसे प्रदर्शित किया गया है।

- तमन्ना भाटिया ने किया अनावरण
बॉलीवुड अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने इस अनोखी रंगोली का अनावरण किया। इस अवसर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए गए हैं। दुबई फेस्टिवल्स एंड रिटेल इवेंट्स के इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट किए गए वीडियो को बड़ी संख्या में लोग देख रहे हैं।
सोशल मीडिया पर इस कलाकृति की खूब चर्चा हो रही है। इसे दुबई की पहली ऐसी रंगोली बताया गया है, जिसे पूरी तरह सोने के आभूषणों से तैयार किया गया है। भारतीय परंपरा, कलात्मकता और कीमती गहनों के इस अनूठे मेल ने दिवाली के उत्सव को खास बना दिया है।
