- सूर्यकांत उपाध्याय

पुरानी साड़ियों के बदले बर्तन लेने के लिए एक सम्पन्न घर की महिला मोलभाव कर रही थी। आखिरकार उसने दो साड़ियों के बदले एक टब पसंद किया। लेकिन बर्तन वाला तीन साड़ियों की मांग पर अड़ा था।
‘अरे भैया! दोनों साड़ियां केवल एक-एक बार पहनी हैं। बिल्कुल नई जैसी हैं। एक टब के बदले दो साड़ियां भी ज्यादा हैं।’ महिला ने कहा।
इसी बीच घर के खुले दरवाजे पर एक अर्धविक्षिप्त महिला आ पहुंची। उसने खाना मांगा। गृहस्वामिनी की नजर उसके कपड़ों पर पड़ी। अलग-अलग कपड़ों की कतरनों को गांठ बांधकर बनाई गई साड़ी उसके शरीर को ढकने का असफल प्रयास कर रही थी।
महिला ने उसे हिकारत से देखा, लेकिन सुबह-सुबह किसी जरूरतमंद के आने की बात सोचकर रात की बची रोटियां मंगवाईं और उसे दे दीं। फिर बर्तन वाले से बोली, ‘तो भैया! क्या सोचा? दो साड़ियों में टब दे रहे हो या मैं वापस रख लूं?’
बर्तन वाले ने बिना कुछ कहे टब उसे थमा दिया और दोनों साड़ियां अपने गठ्ठर में बांधकर वहां से चला गया।
अपनी जीत पर मुस्कुराती महिला जब दरवाजा बंद करने लगी तो उसकी नजर गली के मुहाने पर पड़ी। बर्तन वाला अपना गठ्ठर खोलकर उन्हीं साड़ियों में से एक साड़ी उस जरूरतमंद महिला को तन ढकने के लिए दे रहा था।
यह देखकर गृहस्वामिनी के हाथ में पकड़ा टब उसे बोझिल लगने लगा। अब उसे समझ आया कि बर्तन वाले ने बिना मोलभाव किए दो साड़ियों में ही टब क्यों दे दिया था। उसके पास भले ही धन-दौलत कम थी, लेकिन उसका दिल बहुत बड़ा था।
• शिक्षा : किसी की महानता उसकी हैसियत या संपत्ति से नहीं बल्कि उसके दिल और सोच से तय होती है।
