- अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बाद समुद्री आवागमन में आई तेजी

▪️ नई दिल्ली
पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी तनाव को कम करने की दिशा में अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते (एमओयू) को अंतिम रूप दिए जाने के बाद क्षेत्र में समुद्री गतिविधियां सामान्य होने लगी हैं। इसी क्रम में भारत आने वाले 11 जहाज सफलतापूर्वक होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुके हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को आयोजित मीडिया ब्रीफिंग में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 जून को अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद से भारत की ओर आने वाले 11 जहाज सुरक्षित रूप से इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजर चुके हैं।
जायसवाल के अनुसार, वर्तमान में भारतीय ध्वज वाले 10 जहाज अब भी फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके अलावा हाल के दिनों में दो और भारतीय जहाज इस क्षेत्र में पहुंचे हैं।
उन्होंने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले 11 जहाजों में भारतीय ध्वज वाले तीन विशाल कच्चे तेल टैंकर शामिल हैं, जिनमें प्रत्येक पर 2.85 लाख मीट्रिक टन से अधिक कच्चा तेल लदा हुआ है। इसके अलावा एक विदेशी ध्वज वाला एलपीजी कैरियर, एक विदेशी ध्वज वाला कच्चे तेल का टैंकर तथा विदेशी ध्वज वाले छह बल्क कैरियर भी इस मार्ग से गुजरे हैं। इन बल्क कैरियरों में उर्वरक (खाद) का कार्गो लदा हुआ है।
विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि सरकार क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और भारतीय जहाजों एवं समुद्री कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
