• पर्यटन कारोबार को मिलेगी रफ्तार

▪️मुंबई। पश्चिमी घाट की खूबसूरत वादियों की सैर कराने वाली ‘माथेरान की रानी’ एक बार फिर पटरियों पर दौड़ने को तैयार है। मानसून के दौरान चार महीने से बंद नेरल-माथेरान मिनी ट्रेन सेवा 20 अक्टूबर से बहाल होगी। इससे दिवाली और सर्दियों की छुट्टियों में माथेरान घूमने की योजना बना रहे पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
मध्य रेलवे ने भारी बारिश, भूस्खलन और पटरियों को नुकसान पहुंचने की आशंका के चलते 15 जून से इस मार्ग पर ट्रेन सेवा बंद कर दी थी। हालांकि, अमन लॉज और माथेरान के बीच शटल सेवा जारी रही। अब पूरी सेवा बहाल होने से पर्यटक नेरल से सीधे मिनी ट्रेन के जरिए माथेरान पहुंच सकेंगे।
करीब 20 किलोमीटर का यह रेल सफर लगभग ढाई घंटे में पूरा होता है। हरी-भरी पहाड़ियों, घुमावदार रास्तों और खूबसूरत घाटियों के बीच से गुजरने वाली यह ट्रेन माथेरान के पर्यटन आकर्षण का प्रमुख हिस्सा है। सामान्य समय-सारिणी के अनुसार, नेरल से ट्रेन सुबह 8.50 और 10.30 बजे रवाना होती है।
सेवा शुरू होने से स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है। होटल संचालकों, घोड़ा चालकों और दुकानदारों को दिवाली के दौरान पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से लाभ मिल सकता है। यात्रियों को सफर पर निकलने से पहले रेलवे की आधिकारिक समय-सारिणी और टिकट की उपलब्धता की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
