- श्रद्धालुओं के लिए भोजनालय, विश्राम और पार्किंग सुविधाएं विकसित करने की योजना

▪️मुंबई। प्रभादेवी स्थित सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने मंदिर के पास राम मेंशन की 20 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयां खरीदने की मंजूरी दी है। इस पर 94.11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे दर्शनार्थियों के लिए सुविधाओं के विस्तार और भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने का रास्ता खुलेगा।
राज्य के विधि एवं न्याय विभाग ने 15 अक्टूबर को इस संबंध में शासनादेश जारी किया। करीब 708 वर्ग मीटर क्षेत्र में स्थित संपत्ति में 13 आवासीय फ्लैट और सात व्यावसायिक इकाइयां शामिल हैं। खरीद की पूरी राशि सिद्धिविनायक मंदिर न्यास के उपलब्ध कोष से दी जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस पर राज्य के खजाने से कोई अतिरिक्त खर्च नहीं होगा।
मंदिर के मौजूदा प्रतीक्षालय के पास स्थित इन इकाइयों का उपयोग भोजनालय, रसोईघर, भंडारण कक्ष, तीर्थयात्रियों के ठहरने और सीमित वाहन पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित करने के लिए किया जाएगा। इससे त्योहारों और विशेष अवसरों पर उमड़ने वाली भीड़ को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
मंदिर न्यास की करीब 100 करोड़ रुपये की विस्तार योजना का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाना है। राम मेंशन की संपत्ति खरीद को इसी योजना का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
