
▪️मुंबई
राशन के अनाज के लिए लंबी कतारों में खड़े रहने से अब छुटकारा मिलने की उम्मीद है। महाराष्ट्र के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री छगन भुजबल ने नाशिक में राज्य के पहले ‘अनाज एटीएम’ का उद्घाटन किया। इस आधुनिक मशीन के जरिए लाभार्थियों को 24 घंटे राशन का अनाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
नासिक रोड स्थित पुराने अनाज गोदाम में यह प्रायोगिक परियोजना शुरू की गई है। मशीन की मदद से महज 35 सेकंड में 25 किलो तक अनाज प्राप्त किया जा सकेगा। इसमें एक साथ 2,500 किलो अनाज भंडारित करने की क्षमता है।
अनाज लेने के लिए लाभार्थियों को आधार या राशन कार्ड नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद अंगूठे के निशान से बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। प्रक्रिया पूरी होने पर मशीन से गेहूं और चावल मिलेगा।
इस व्यवस्था से अनाज के वजन में गड़बड़ी और वितरण में होने वाली अनियमितताओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। साथ ही मजदूरों और कामकाजी लोगों को राशन दुकान खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
यह पहल सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में भी अनाज एटीएम शुरू किए जा सकते हैं।
