
▪️मुंबई
उमस और गर्मी से परेशान मुंबईकरों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सप्ताहांत और अगले सप्ताह महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। बारिश होने से तापमान में कुछ गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई और ठाणे में फिलहाल गर्म तथा उमस भरा मौसम बना रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। हालांकि, अगले सप्ताह कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
वहीं, कोंकण-गोवा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चलने की आशंका है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम में बदलाव के बावजूद मुंबई में उमस से तत्काल पूरी तरह राहत मिलने की संभावना कम है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखें और बिजली चमकने तथा तेज हवाओं के दौरान सावधानी बरतें।
