
▪️मुंबई
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना के बीच महाराष्ट्र के मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मुंबई सहित उत्तरी कोंकण में गर्मी और उमस का प्रभाव बना रह सकता है, जबकि राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे मध्य-पूर्वी हिस्से में 23 अक्टूबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इस मौसमी गतिविधि का असर दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में भी दिखाई दे सकता है।
महाराष्ट्र में मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लोगों को गर्म तथा उमस भरे मौसम का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग और कोल्हापुर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 अक्टूबर से कोंकण सहित राज्य के कई हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। नागरिकों और किसानों को मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
