
• मुंबई। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) मुंबई में हिंदी पखवाड़ा एवं हिंदी प्रोत्साहन योजना के पुरस्कार वितरण समारोह के साथ राजभाषा संगोष्ठी और हास्य कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राध्यापक प्रो. संजीव वर्मा ने की। मुख्य प्रशासनिक अधिकारी ले. कर्नल श्रीमती निशा सिंह ने स्वागत भाषण दिया। मुख्य अतिथि हरीश सिंह चौहान, उप निदेशक (कार्यान्वयन), पश्चिम क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय, गृह मंत्रालय तथा हास्य कवि सुरेश मिश्र उपस्थित रहे।
समारोह में विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं और हिंदी प्रोत्साहन योजना के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। हरीश सिंह चौहान ने विजेताओं को बधाई देते हुए हिंदी का प्रयोग बढ़ाने की अपील की। सुरेश मिश्र की हास्य-व्यंग्य कविताओं ने श्रोताओं को खूब गुदगुदाया, जबकि बेटी पर प्रस्तुत कविता ने लोगों को भावुक कर दिया।

प्रो. संजीव वर्मा ने हिंदी के बढ़ते प्रयोग के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की तथा निदेशक प्रो. मनोज कुमार तिवारी की ओर से हिंदी के प्रसार की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्रशासनिक अधिकारी मो. आफताब आलम ने किया। वरिष्ठ हिंदी अनुवादक सुरेश हजाम ने आभार व्यक्त किया।
संस्थान में 14 से 30 सितंबर तक आयोजित हिंदी पखवाड़े में संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
