- मुंबई। नागपुर-मुंबई समृद्धि महामार्ग पर 26 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक भरवीर-इगतपुरी इंटरचेंज के बीच रोजाना तीन घंटे यातायात बंद रहेगा। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास महामंडल (एमएसआरडीसी) के अनुसार, पहाड़ी ढलानों और सुरंग के प्रवेश द्वार के पास सुरक्षा जालियां लगाने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

मुंबई की दिशा में जाने वाले वाहनों के लिए सुबह 10 से 11 बजे, दोपहर 1 से 2 बजे और शाम 4 से 5 बजे तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
समृद्धि महामार्ग के पहाड़ी हिस्सों में चट्टानें और पत्थर गिरने की आशंका रहती है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए सुरक्षा जालियां लगाने का काम किया जा रहा है।
प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ब्लॉक के समय को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाएं, ताकि अनावश्यक इंतजार और देरी से बचा जा सके। काम पूरा होने के बाद 7 नवंबर से यातायात सामान्य होने की उम्मीद है।
