▪️ राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने किया विशेष पूजन

- नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले के त्र्यंबकेश्वर में शनिवार को सिंहस्थ कुंभमेले का धार्मिक उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। पवित्र कुशावर्त तीर्थ पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिंहस्थ ध्वज का पूजन किया, जबकि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विधिवत धर्मध्वजारोहण किया। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और गोदावरी आरती के बीच हुए समारोह में शृंगेरीपीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य विधुशेखर भारती सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, महंत और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति मुर्मू ने गौतमी गंगा गोदावरी का पूजन कर सिंहस्थ ध्वज को अर्घ्य अर्पित किया और आरती में हिस्सा लिया। इस अवसर पर त्र्यंबकेश्वर पुरोहित संघ ने उन्हें सम्मानस्वरूप ताम्रपट भेंट किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने ध्वजस्तंभ और धर्मध्वज का पूजन कर ध्वजारोहण किया। धर्मध्वज पर सूर्य, चंद्रमा, बृहस्पति, सिंह, मगर, ॐकार और स्वस्तिक के प्रतीक अंकित हैं, जो सिंहस्थ कुंभ की धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं को दर्शाते हैं।
समारोह में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, सुनेत्रा अजित पवार, पालकमंत्री गिरीश महाजन, शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे और मंत्री जयकुमार रावल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

- नवनिर्मित गोदाघाट पर भी पूजन
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों के तहत त्र्यंबकेश्वर के नवनिर्मित गोदाघाट पर ध्वजस्तंभ का पूजन किया। उन्होंने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना भी की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए इस अनुष्ठान में साधु-संत और महंत शामिल हुए। आगामी कुंभमेले को ध्यान में रखकर इस गोदाघाट का निर्माण कराया गया है।
