- मुंबई। कवि, कथाकार एवं गद्यकार विनोद कुमार श्रीवास्तव के 81वें जन्मदिन पर स्वर संगम फाउंडेशन, मीरा रोड की ओर से नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व प्रशासक रामेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि विनोद जी की कविताएं मनुष्य को संवेदनशील नागरिक बनाती हैं। उनके साथ छह दशक पुरानी मित्रता आज भी विश्वास और आत्मीयता पर कायम है।

कथाकार धीरेन्द्र अस्थाना, कवि रमन मिश्र, विनोद दास, शैलेश सिंह और हृदयेश मयंक ने उनके साहित्यिक योगदान और सामाजिक सरोकारों की चर्चा की। वक्ताओं ने वंचितों, बीमारों और कमजोर वर्गों की सहायता तथा साझा संस्कृति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। कार्यक्रम में राजीव रोहित, आमना आजमी और डॉ. रीता दास राम ने उनकी कविताओं का पाठ किया। संचालन डॉ. प्रशांत जैन ने किया।
अपने संबोधन में विनोद कुमार श्रीवास्तव ने मित्रों के प्रति आभार जताते हुए बताया कि उन्होंने लगभग 500 वंचित परिवारों के बच्चों को शिक्षित किया, जो आज सम्मानजनक पदों पर कार्यरत हैं।
