- मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन की सेहत को लेकर सामने आई चिंताओं के बीच लोकप्रिय टीवी क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) की शूटिंग फिलहाल रोक दी गई है। पिछले करीब एक सप्ताह से शो के नए एपिसोड की रिकॉर्डिंग नहीं हो रही है। आईएएनएस से बातचीत में एक सूत्र ने बताया कि अमिताभ बच्चन की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण निर्माताओं ने शूटिंग स्थगित करने का फैसला किया है।

इस दौरान चैनल दीपावली विशेष कार्यक्रम के तहत पहले से रिकॉर्ड किए गए एपिसोड प्रसारित कर रहा है। इनमें फिल्म ‘रामायण’ के प्रचार के लिए पहुंचे रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे वाला विशेष एपिसोड भी शामिल है।
सूत्र के अनुसार, अमिताभ की सेहत में सुधार होने पर अगले सप्ताह से शूटिंग शुरू की जा सकती है। अभिनेता ने अपने ब्लॉग में भी कामकाज की नियमित दिनचर्या में धीरे-धीरे लौटने का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि लंबे अंतराल के बाद रोजमर्रा के कामों में दोबारा सहज होना आसान नहीं रहता।
हालांकि, शूटिंग रुकने की वजह को लेकर अलग-अलग खबरें भी सामने आई हैं। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, शो से जुड़े एक अन्य सूत्र ने इसकी वजह अमिताभ की व्यस्तता और शूटिंग के लिए तारीखों की अनुपलब्धता बताई है। सोनी लिव ने नए एपिसोड 16 नवंबर से प्रसारित करने की जानकारी दी है।
