- मुंबई। चीनी से होने वाले नुकसान से बचने और वजन घटाने के लिए शुगर फ्री उत्पादों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। चाय-कॉफी से लेकर मिठाइयों और शीतल पेय तक में कृत्रिम मिठास का चलन लोकप्रिय हो रहा है। हालांकि, इनका नियमित और अत्यधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकता है। कुछ शोधों में कृत्रिम स्वीटनर्स के इस्तेमाल और याददाश्त, मस्तिष्क की कार्यक्षमता तथा पाचन तंत्र पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर चिंता जताई गई है।

मधुमेह विशेषज्ञ डॉ. वी. मोहन ने इस विषय से जुड़े शोधों का हवाला देते हुए कृत्रिम मिठास के अंधाधुंध इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है। उनके अनुसार, एस्पार्टेम, सैकरिन, सुक्रालोज और अन्य स्वीटनर्स का प्रभाव केवल रक्त शर्करा तक सीमित नहीं हो सकता।
अमेरिकी चिकित्सा पत्रिका ‘न्यूरोलॉजी’ में प्रकाशित एक अध्ययन में ब्राजील के 12,772 वयस्कों पर करीब आठ वर्षों तक नजर रखी गई। इसमें पाया गया कि कुछ कृत्रिम स्वीटनर्स का अधिक सेवन करने वालों में याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता में गिरावट अपेक्षाकृत तेज थी। हालांकि, यह अध्ययन कृत्रिम मिठास और मानसिक क्षमता के बीच संबंध दर्शाता है, इनके कारणात्मक संबंध को प्रमाणित नहीं करता।

- पाचन तंत्र पर भी पड़ सकता है असर
कुछ शोधों में कृत्रिम मिठास के सेवन से आंतों में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीवों की संरचना प्रभावित होने के संकेत मिले हैं। ये सूक्ष्मजीव पाचन, रोग प्रतिरोधक क्षमता और चयापचय को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके संतुलन में बदलाव से शरीर की ग्लूकोज नियंत्रित करने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, लगातार बहुत मीठे स्वाद वाले पदार्थों का सेवन करने से प्राकृतिक खाद्य पदार्थों के स्वाद के प्रति रुचि भी कम हो सकती है। हालांकि, सभी स्वीटनर्स का प्रभाव एक जैसा नहीं होता।

- वजन घटाने का पक्का उपाय नहीं
सुक्रालोज और स्टीविया जैसे विकल्पों को चीनी के स्थान पर इस्तेमाल किया जाता है। एक अध्ययन में टाइप-2 मधुमेह से पीड़ित 210 लोगों पर 12 सप्ताह तक सुक्रालोज के प्रभाव का परीक्षण किया गया। इसमें वजन और कमर के घेरे में मामूली कमी देखी गई, लेकिन औसत रक्त शर्करा स्तर में उल्लेखनीय सुधार नहीं हुआ।
विशेषज्ञों का सुझाव है कि शुगर फ्री उत्पादों को वजन घटाने का आसान उपाय न समझें। चीनी की मात्रा धीरे-धीरे कम करें, साबुत फल खाएं, फाइबर और प्रोटीन युक्त भोजन लें तथा नियमित व्यायाम करें। मधुमेह के मरीज कृत्रिम मिठास का इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह से करें।
