- मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और पराक्रम का प्रतीक ऐतिहासिक ‘वाघ नख’ अब मुंबईकरों के दर्शन के लिए उपलब्ध हो गया है। दक्षिण मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज वस्तुसंग्रहालय (सीएसएमवीएस) में इस ऐतिहासिक हथियार को विशेष प्रदर्शनी के तहत रखा गया है। आम लोग मई 2027 तक इसके दर्शन कर सकेंगे।

बाघ के पंजे के आकार वाला यह वाघ नख मराठा इतिहास की महत्वपूर्ण धरोहर माना जाता है। ऐतिहासिक मान्यता के अनुसार, छत्रपति शिवाजी महाराज ने प्रतापगढ़ में अफजल खान के साथ हुई ऐतिहासिक मुठभेड़ के दौरान इसी हथियार का इस्तेमाल किया था।
यह वाघ नख ब्रिटेन के लंदन स्थित विक्टोरिया एंड अल्बर्ट संग्रहालय से तीन साल के समझौते के तहत भारत लाया गया है। भारत पहुंचने के बाद इसे पहले कोल्हापुर में प्रदर्शित किया गया था। अब मुंबई के प्रतिष्ठित संग्रहालय में इसे प्रदर्शित किया जा रहा है।
इस प्रदर्शनी से मुंबईकरों, पर्यटकों और इतिहास प्रेमियों को मराठा साम्राज्य के गौरवशाली इतिहास को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। शिवाजी महाराज के शौर्य की याद दिलाने वाली इस ऐतिहासिक धरोहर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
